UP News-दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा विजयनगर थाना क्षेत्र में हुआ। दिल्ली से मेरठ जाने वाली मेन एक्सप्रेसवे लेन पर आईपीईएम कॉलेज एग्जिट प्वाइंट के पास एक थार गाड़ी खड़ी थी। कार से नीचे उतर कर दो युवक एक बाइक वाले से बात कर रहे थे। तभी पीछे से आई ट्रेवलर बस ने तीनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक थार सवार और एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक थार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना सुबह 6.10 बजे की है। इस हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और तीसरे की मौत अस्पताल ले जाते समय हो गई। दो मृतकों की पहचान दीपक और प्रवीण के रूप में हुई है। वहीं, तीसरा अज्ञात है। जिस टेंपो ट्रेवलर ने युवकों को रौंदा वह दिल्ली से हरिद्वार जा रहा था, उसमें 26 महिलाएं सवार थीं। टेंपो ट्रैवलर चालक वीरेंद्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। ट्रैवलर की ओवरस्पीडिंग या लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस जांच कर रही है कि सड़क पर वाहन खड़े होने की वजह भी शामिल थी या नहीं।
पिछले साल भी हुई थी तीन युवकों की मौत
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पिछले साल जुलाई में एक मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाने से उस पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि थाना सेक्टर 58 पुलिस को मंगलवार दोपहर बाद सूचना मिली कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मेरठ से दिल्ली की तरफ जा रही एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई है।
उसने बताया कि इस हादसे में घायल हुए मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई और उनकी पहचान जीवन ज्योति जेना (24), सुमित कुमार (23) एवं आदित्य राज (23) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया तीनों ने कांवड़ियों जैसी पोशाक पहन रखी थी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि वे कांवड़िये नहीं थे। उसने बताया कि सीसीटीवी कैमरा देखने पर पता चला है कि उनकी मोटरसाइकिल की गति काफी तेज थी।

