Budaun News: उझानी पुलिस के हत्थे चढ़ा वांछित बदमाश, मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली,
उझानी।कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाश श्रीपाल को गिरफ्तार कर लिया।उसने पुलिस कर्मियों को निशाना बनाने की कोशिश तो जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लग गई।लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ कोतवाली क्षेत्र में गांव छतुइया के पास हाईवे किनारे शुक्रवार रात करीब 12 बजे हुई। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार के मुताबिक- कस्बे में मोहल्ला नझियाई निवासी बदमाश श्रीपाल (28 साल) पुत्र छोटे ने पकड़े जाने से पहले पुलिस टीम को जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।इसके बाद वह निर्माणाधीन बाइपास के नजदीक से खेतों की तरफ भाग निकला।जवाबी फायरिंग में एक गोली श्रीपाल के दाहिने पैर में लग गई।वह जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस कर्मियों ने उसके पास से तमंचा और कारतूस कब्जे में लेने के बाद सहारा देकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उसका प्राथमिक उपचार भी कराया गया।
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि घायल बदमाश श्रीपाल पर 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।दफा-25 के एक मामले में कोर्ट ने उसका गैर जमानती वारंट भी जारी किया था।वह चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी में भी शामिल रहा है।घटनाओं को अंजाम देकर वह कस्बे से भाग जाता था।पुलिस को उसकी गैर जमानती वारंट में भी तलाश थी।उपचार के लिए श्रीपाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक के अलावा दरोगा रविंद्र सिंह, जगमेंद्र, सिपाही अंकुश, अत्येंद्र और भूपेंद्र भी शामिल रहे।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

