Amtoha News -अमरोहा | 23 फरवरी 2026 (सू.वि.) आगामी त्योहारों— होली, ईद और पवित्र रमजान माह के मद्देनजर जनपद अमरोहा में कानून एवं शांति व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद की उपस्थिति में ‘पीस कमेटी’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में होलिका सुरक्षा समिति, जुलूस आयोजकों, संभ्रांत नागरिकों और पुलिस अधिकारियों के साथ थानावार गहन समीक्षा की गई।
डीएम की दो टूक: ‘गंगा-जमुनी तहजीब बनाए रखें, सुविधाओं में न हो कोताही’
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बैठक में उपस्थित सभी संभ्रांत नागरिकों से उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने नागरिकों को सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति आश्वस्त करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए:
बुनियादी सुविधाएं: त्योहारों के दौरान शहर व गांवों में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
सड़कें हों गड्ढामुक्त: यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़कों पर कहीं भी गड्ढे न हों, ताकि जुलूस या बारातों में किसी को असुविधा न हो।
मिलावटखोरों पर नकेल: त्योहारों के अवसर पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अमरोहा की ऐतिहासिक ‘गंगा-जमुनी तहजीब’ का परिचय देते हुए आपसी प्रेम-सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।
एसपी की चेतावनी: ‘भ्रामक पोस्ट की तो खैर नहीं, डीजे पर भी रहेंगे नियम’
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार आनंद ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों की आड़ में माहौल बिगाड़ने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी:
सोशल मीडिया पर पहरा: इंटरनेट और सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट न डाली जाए और न ही उसे फॉरवर्ड किया जाए। अफवाहों पर ध्यान न दें।
नई परंपरा की अनुमति नहीं: त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की ‘नई परंपरा’ शुरू करने की सख्त मनाही है।
डीजे के लिए नियम: डीजे पर बजने वाले गाने ऐसे न हों जिनसे किसी अन्य समुदाय या व्यक्ति की भावनाएं आहत हों।
पुलिस पेट्रोलिंग: सभी थानाध्यक्षों (SHOs) को अपने-अपने क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और पहले से ही पैदल गश्त (Foot Patrolling) कर तैयारियों का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही होलिका दहन स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बैठक में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से बुलाई गई इस बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती गरिमा सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्री अखिलेश भदौरिया, समस्त उपजिलाधिकारी (SDMs), पुलिस क्षेत्राधिकारी (COs), थानाध्यक्षों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और पीस कमेटी के सदस्य व समाज के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

