T20-संजू सैमसन इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में बने हुए हैं। टीम इंडिया न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीतकर अब आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी में जुटी है, लेकिन बातें संजू सैमसन की हो रही है। वो इसलिए क्योंकि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में वे बुरी तरह से फ्लॉप रहे थे। ऐसे में अब सवाल उठना शुरू हो गया है कि क्या संजू टी20 विश्व कप में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में खेलेंगे या फिर उन्हें बाहर ही बैठना होगा।
चार फरवरी को भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगी वार्मअप मैच
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को खेलेगी। ये मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में यूएसए के खिलाफ खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन क्या होगी, काफी कुछ चार फरवरी को तय हो जाएगा। भारतीय टीम विश्व कप से पहले अपना वार्मअप मैच चार फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैदान में उतरेगी। वैसे तो इस मैच के मायने कुछ ज्यादा नहीं होते, लेकिन तैयारी के लिहाज से ये मैच काफी अहम होगा। इस मैच में सूर्यकुमार यादव किन प्लेयर्स को मैदान में उतारते हैं, वो देखना काफी दिलचस्प होगा।
संजू सैमसन से लेकर ईशान किशन को दे दिए गए थे कीपिंग के लिए ग्लव्स
आपको याद होगा कि जब भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला गया था, तब टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में संजू सैमसन एक विकटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेल रहे थे, लेकिन जब दूसरी पारी में भारत की फील्डिंग आई तो ग्लव्स ईशान किशन को सौंप दिए गए और संजू मैदान में फील्डिंग करते हुए दिखाई दिए। इसी के बाद से इस तरह की चर्चा शुरू हो गई कि अब संजू का पत्ता कटना तय है और ईशान किशन एक विकेटकीपर बल्लेबाज और ओपनर के तौर पर मैदान में उतरेंगे।
भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज में ऐसा रहा संजू और ईशान का प्रदर्शन
भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के दौरान ईशान किशन ने केवल चार ही मैच खेले और इसी में उन्होंने 215 रन ठोक दिए। उन्होंने 231.18 के स्ट्राइक रेट से न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। सूर्यकुमार यादव के बाद वे उस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे नंबर के बल्लेबाज रहे। बात अगर संजू सैमसन की करें तो उन्होंने सीरीज के पूरे 5 मैच खेलकर केवल 46 रन ही बनाए। रन बनाना तो दूर की बात है, वे क्रीज पर टिक ही नहीं पा रहे थे। उनका उनका औसत 9.20 का रहा है और उन्होंने 135.29 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। अब चार फरवरी को भारत बनाम न्यूजीलैंड वार्मअप मैच का इंतजार कीजिए, इससे काफी कुछ तस्वीर साफ होती हुई नजर आएगी।

