Amroha Road Safety Drive: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद में ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’ के तहत परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। सड़कों पर वीआईपी टशन दिखाने वाले और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बुधवार को “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई। एआरटीओ प्रवर्तन और टीआई की टीम ने बीच सड़क पर न केवल चालान काटे, बल्कि मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई और अवैध हूटर हटवाए।
एआरटीओ और टीआई ने संभाली कमान
सड़क सुरक्षा अभियान को सफल बनाने के लिए एआरटीओ प्रवर्तन महेश शर्मा के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया।
टीम ए: एआरटीओ महेश शर्मा ने खुद मोर्चा संभाला।
टीम बी: पीटीओ सुधीर सिंह के निर्देशन में कार्यरत रही।
संयुक्त कार्रवाई: यातायात प्रभारी (TI) अनुज कुमार मलिक ने अपनी टीम के साथ मिलकर शहर के प्रमुख चौराहों पर नाकेबंदी कर वाहनों की बारीकी से जांच की।
मौके पर उतरवाई काली फिल्म, उतरवाए हूटर
चेकिंग के दौरान टीम ने लग्जरी गाड़ियों को रोककर उनके बोनट खुलवाए और छिपाकर लगाए गए अनधिकृत हूटर की जांच की।
ध्वनि प्रदूषण पर प्रहार: 10 वाहनों में अवैध हूटर पाए जाने पर उन्हें तत्काल उतरवाकर जब्त कर लिया गया।
काली फिल्म पर एक्शन: 5 वाहनों की खिड़कियों पर लगी काली फिल्म को मौके पर ही पुलिसकर्मियों द्वारा हटवाया गया। अधिकारियों ने बताया कि काली फिल्म से न केवल दुर्घटना बल्कि अपराध की आशंका भी बढ़ती है।
127 वाहनों पर गिरी गाज, सिफारिश भी नहीं आई काम
अभियान के दौरान नियम तोड़ने वाले चालकों में इस कदर हड़कंप मचा कि कई लोग रसूखदारों से फोन करवाकर सिफारिश लगवाने की कोशिश करने लगे, लेकिन अधिकारियों ने किसी की एक न सुनी।
कुल चालान: विभिन्न उल्लंघनों के तहत कुल 127 चालान काटे गए।
अन्य कार्रवाई: हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, गलत पार्किंग और रिफ्लेक्टर टेप न लगाने वाले 112 वाहनों पर भी जुर्माना लगाया गया।
अधिकारियों की चेतावनी: “जारी रहेगा अभियान”
एआरटीओ महेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। अवैध हूटर से न केवल ध्वनि प्रदूषण होता है, बल्कि अन्य चालक घबराकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। यह चेकिंग अभियान पूरे माह निरंतर जारी रहेगा ताकि यातायात व्यवस्था को सुधारा जा सके।

