मुंबई (ब्यूरो)। मायानगरी मुंबई के सांताक्रूज इलाके से नए साल के जश्न के बीच एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय रिश्तों और प्रेम संबंधों को दहला कर रख दिया है। एक 25 वर्षीय शादीशुदा महिला ने अपने 44 वर्षीय प्रेमी को नए साल की मिठाई देने के बहाने घर बुलाया और फिर सब्जी काटने वाले चाकू से उसके निजी अंग पर जानलेवा हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में पीड़ित को सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मिठाई के बहाने बिछाया ‘मौत का जाल’
पुलिस के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना सांताक्रूज ईस्ट के कलीना इलाके की है। आरोपी महिला और पीड़ित के बीच पिछले सात वर्षों से प्रेम संबंध थे। 31 दिसंबर की रात करीब 1:30 बजे, जब पूरी दुनिया नए साल के स्वागत में डूबी थी, महिला ने पीड़ित को फोन कर मिठाई खाने के बहाने अपने घर बुलाया। उस समय महिला के बच्चे सो रहे थे। घर पहुंचने पर महिला ने साजिश के तहत पीड़ित पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।
शादी के दबाव और धमकी का था मामला
जांच में पता चला है कि आरोपी महिला, जो रिश्ते में पीड़ित की बहन की ननद लगती है, पिछले काफी समय से पीड़ित पर अपनी पत्नी को छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। इस मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित नवंबर 2025 में कुछ समय के लिए अपने गांव बिहार चला गया था। 19 दिसंबर को जब वह मुंबई लौटा, तो उसने महिला से दूरी बनाने की कोशिश की, जिससे नाराज होकर महिला ने बदला लेने की ठान ली।
मरणासन्न हालत में घर पहुंचा पीड़ित
हमले के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने के बावजूद पीड़ित किसी तरह अपने घर पहुंचा। उसे तड़पता देख बेटे और दोस्तों ने तुरंत वीएन देसाई अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में सायन अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि चोट बहुत गहरी है और पीड़ित की सर्जरी करनी पड़ सकती है।
पुलिस की छापेमारी जारी
वाकोला पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जानलेवा हमले की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी महिला अपने घर से फरार है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

