उत्तराखंड के नैनीताल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कार के अंदर अंगीठी जलाकर सोने की वजह से एक शख्स की दम घुटकर मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान मथुरा निवासी मनीष गंधार के रूप में हुई है जो टैक्सी चलाता था। 27 दिसंबर को वह नोएडा के कुछ यात्रियों को लेकर नैनीताल गया था। यहां नैनीताल में मनीष गंधार ने सुखाताल में अपनी कार खड़ी की। रात करीब 9 बजे चालक ने ठंड से बचने और पहाड़ी इलाके की ठंडी रात में थोड़ी राहत पाने के लिए कार के अंदर अंगीठी जलाई थी। टैक्सी चालक खिड़कियां बंद करके वह सो गया, जिससे अंगीठी से निकलने वाली जहरीली गैसों के सांस लेने से उनका दम घुट गया।
दम घुटने से हुई मौत
जानकारी के मुताबिक अगली सुबह (28 दिसंबर) जब टैक्सी चालक ने अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो पार्किंग स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भी उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं उठा तो आखिरकार खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। पुलिस ने देखा कि टैक्सी चालक कंबल से ढका हुआ और बेसुध हालत में था। उसके मुंह में सफेद झाग भी जमा हुआ था, जो जहर का संकेत हो सकता था। इसके बाद टैक्सी ड्राइवर को तुरंत बी.डी. पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके परिवार को भी इस बारे में सूचित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आनी बाकी
फिलहाल शुरुआती जांच से पता चला है कि मनीष गंधार की मौत कोयले की अंगीठी से कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता के कारण हुई है। हालांकि, पुलिस मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम सहित आगे की जांच में जुटी हुई है। इस घटना के बाद से सोशल मीडिया पर भी लोगों के द्वारा तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक यूजर ने सुझाव दिया, “अपनी कार में न सोएं। कार के अंदर आग न जलाएं। खिड़कियां पूरी तरह बंद करके न सोएं।”

