बदायूँ के महिला अस्पताल में प्रसूता के तीमारदार को वार्ड बॉय ने पीटा, परिजनों ने किया हंगामा
बदायूं।महिला अस्पताल के पीएनसी वार्ड में प्रसूता के तीमारदार के साथ वार्ड बॉय ने मारपीट कर दी। परिजनों ने हंगामा शुरू किया तो कर्मचारी मौके से भाग निकला। पीड़ित का आरोप है कि चादर बिछाने के लिए कर्मचारी से कहा था। इसी बात पर वह भड़क गया और मारपीट कर दी। शिकायत के बाद भी आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव कादराबाद निवासी प्रेमपाल ने शनिवार को अपनी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। देर शाम उसने बेटे को जन्म दिया, लेकिन बच्चे की मौत हो गई। प्रसूता की हालत खराब होने पर उसको दूसरे तल पर बने पीएनसी वार्ड में भर्ती कराया गया था।परिजनों का आरोप है कि बेड पर चादर नहीं थी।वार्ड में तैनात वार्ड बॉय से चादर बिछाने की बात कही। पहले तो चादर लाने को तैयार ही नहीं हुआ। काफी कहने के बाद चादर लेकर आया तो उस समय वह अपनी पत्नी को दवा दे रहा था। उससे चादर बिछाने को कहा । इसी बात पर कर्मचारी ने प्रेमपाल के साथ मारपीट कर दी।


