उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज 16 अक्टूबर को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
किन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और सीमांत पिथौरागढ़ में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। 12 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ऊंचाई पर बर्फबारी
3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। 17 और 18 अक्टूबर को उत्तरकाशी और चमोली के सुदूर उत्तरी ऊंचाई वाले इलाकों में छिटपुट बर्फबारी जारी रह सकती है। बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान गिरने से प्रदेश में ठंड बढ़ने की उम्मीद है। देहरादून में आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
20 अक्टूबर से साफ हो सकता है मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि 20 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम साफ हो सकता है। फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी मौसम का पूर्वानुमान लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: देहरादून-उत्तरकाशी में बारिश का अलर्ट, 11 जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी और Uttarakhand Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ के असर से ऊंची चोटियों पर बर्फबारी

