Uttarakhand News : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर खेल विभाग ने अग्निवीर भर्ती से पहले युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेना में भर्ती के लिए तैयार करना है, ताकि वे भारतीय सेना में अपना करियर बना सकें।
Uttarakhand News : प्रशिक्षण का उद्देश्य और पात्रता मानक
अग्निवीर भर्ती पूर्व प्रशिक्षण के लिए इच्छुक युवक और युवतियों के लिए उत्तराखंड राज्य का मूल एवं स्थायी निवासी होना या राज्य के किसी संस्थान में अध्ययनरत अथवा सेवारत होना अनिवार्य है। प्रशिक्षण के लिए युवाओं के हाईस्कूल परीक्षा में प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक तथा कुल मिलाकर 45 प्रतिशत या उससे अधिक अंक होना आवश्यक है। साथ ही, अभ्यर्थी की आयु 16 वर्ष से अधिक होनी चाहिए।
Uttarakhand News : पंजीकरण प्रक्रिया और स्वास्थ्य संबंधी नियम
प्रशिक्षण के लिए युवाओं को अपने जिले के जिला खेल कार्यालय या जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय में पंजीकरण करना होगा। एसओपी के अनुसार प्रशिक्षण से पहले प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को खेल की टी-शर्ट, नेकर, स्पोर्ट्स शूज और मौजे पहनकर आना होगा। साथ ही, शरीर पर किसी प्रकार का टैटू या अप्राकृतिक स्थायी निशान नहीं होना चाहिए।
Uttarakhand News : सैन्य परंपरा और सरकार की पहल
उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा रही है, जहां लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य भारतीय सेना में सेवा देता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार अग्निवीर भर्ती से पूर्व प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। साथ ही, सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि अग्निवीरों को सेवाकाल के बाद राज्य की सरकारी नौकरियों में आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।

