Sahaswan News: (लापरवाही) सहसवान में खुले विधुत जंक्शन बॉक्स बन रहे जानलेवा, एक बंदर की फिर हुई मौत
करंट की चपेट में आकर कई पशुओं की हो चुकी है मौत, लोगों की जान पर भी मंडरा रहा खतरा
शिकायतों और हादसों के बावजूद विभाग बेखबर, मृत बंदर को हटाने तक नहीं पहुंचा कर्मचारी
सहसवान (बदायूं)। सहसवान नगर में विद्युत विभाग द्वारा बिछाई गई अंडरग्राउंड विद्युत लाइन के खुले जंक्शन बॉक्स जानलेवा साबित हो रहे हैं। इन जंक्शन बॉक्स में करंट उतरने से अनेक पशुओं की मौत हो चुकी है।स्थानीय लोगों के अनुसार, कोई पखवाड़ा ऐसा नहीं गुजरता, जब किसी न किसी बेजुबान पशु को अपनी जान न गंवानी पड़ती हो।इसके बावजूद विद्युत विभाग की ओर से इन खतरनाक जंक्शन बॉक्स को सुरक्षित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक नगर के प्रमोद इंटर कॉलेज के निकट लगे हुए जंक्शन बॉक्स जिसका मुख्य द्वार खुला पड़ा था एक बेजुबान बंदर कि विद्युत तार से चिपक कर दर्दनाक मृत्यु हो गई।
बताया जाता है कि नगर के मोहल्ला शहबाजपुर,कटरा,नवादा,सैफुल्लागंज,गोपालगंज और नयागंज सहित कई इलाकों में अंडरग्राउंड विद्युत लाइन के जंक्शन बॉक्स खुले पड़े हैं।स्थानीय सूत्रों के मुताबिक,इन बॉक्स में करंट की चपेट में आने से कई लोगों और पशुओं की जान जा चुकी है,जबकि अनेक लोग करंट लगने से हादसों का शिकार हो चुके हैं।खुले जंक्शन बॉक्स के कारण इन मोहल्लों में हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग को इन खतरनाक जंक्शन बॉक्स की स्थिति और उनसे होने वाले हादसों की जानकारी होने के बावजूद इन्हें बंद कराने की जहमत नहीं उठाई जा रही है।विभाग की कथित लापरवाही को लेकर नगरवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जंक्शन बॉक्स को सुरक्षित नहीं किया गया, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
समाचार लिखे जाने तक जंक्शन बॉक्स में करंट की चपेट में आकर मृत हुए बंदर को हटाने के लिए विद्युत विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था।इस स्थिति को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। इस संबंध में उपखंड अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
नगरवासियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि सभी खुले जंक्शन बॉक्स की तत्काल जांच कराकर उन्हें सुरक्षित कराया जाए। साथ ही, संबंधित स्थानों पर चेतावनी संकेत लगाए जाएं और भविष्य में इंसानों तथा बेजुबान पशुओं की जान बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।रिपोर्ट -जयकिशन सैनी

