गूगल मैप पर मौत का रास्ता’अब नहीं दिखेगा:-पुल हादसे के बाद प्रशासन सख्त
प्रशासन ने गूगल मैप को ठहराया दोषी,5 अभियंताओं पर कार्रवाई,बदायूं की डीएम ने शासन को भेजी रिपोर्ट
बदायूँ।बरेली जिले की सीमा से सटे बदायूं के दातागंज क्षेत्र में रामगंगा नदी पर बने अधूरे पुल पर हुए हादसे के बाद डीएम निधि श्रीवास्तव ने जांच कराकर अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। रिपोर्ट में पुल पर आवागमन रोकने संबंधी उपाय न किए जाने का हवाला दिया गया है। वहीं, पुल से कार गिरने के मामले में प्रशासन गूगल को भी दोषी मान रहा है। इसके बाद अब गूगल मैप से इस रास्ते को हटा दिया गया है। चर्चा है कि इस मामले में एक्सईएन भी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। इस मामले में दातागंज के नायब तहसीलदार छविराम ने सहायक अभियंता मोहम्मद आरिफ व अभिषेक कुमार, अवर अभियंता अजय गंगवार और महाराज सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

घटना के बाद बदायूं की डीएम निधि श्रीवास्तव ने इस मामले में जांच कराके अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी। इससे पहले घटना वाले दिन एसडीएम दातागंज ने डीएम को रिपोर्ट भेजकर पुल पर बरती गई लापरवाही के बारे में बताया था। शासन को भेजी गई रिपोर्ट में बताया कि पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे। छोटी सी एक दीवार बनाई गई थी वह भी टूटी पड़ी थी। इसके अलावा कोई संकेतक नहीं था।
पांच अभियंताओं पर होगी कार्रवाई:-अधूरे पुल से कार समेत गिरकर तीन युवकों की मौत के मामले में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) बदायूं के पांच अभियंताओं को जिम्मेदार माना गया है। संपर्क मार्ग के बह जाने के बाद अधूरे पड़े पुल पर इन्होंने आवागमन रोकने के उचित प्रबंध नहीं किए थे। मुख्य अभियंता अजय कुमार ने अधिशासी अभियंता नरेश कुमार, सहायक अभियंता मोहम्मद आरिफ, अभिषेक कुमार, अवर अभियंता अजय गंगवार और महाराज सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा है। इनका निलंबन तय माना जा रहा है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

