देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहे विवाद में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंत्री की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी की जांच के लिए 10 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। एसपी देहात जया बलूनी के नेतृत्व में यह टीम आरोपों, दस्तावेजों और साक्ष्यों की पड़ताल करेगी।
एसपी देहात के नेतृत्व में 10 सदस्यीय SIT
एसएसपी देहरादून के अनुसार, मंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 सदस्यीय SIT का गठन कर गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। एसआईटी प्रभारी एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि टीम प्रकरण से जुड़ी जानकारियां और साक्ष्य एकत्र कर रही है। मंत्री का स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। रेखा आर्य को शिकायत के कुछ घंटे बाद देहरादून के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पति पर क्या-क्या आरोप लगाए
रेखा आर्य ने अपनी शिकायत में पति गिरधारी लाल साहू पर प्रताड़ित करने, जातिसूचक शब्द कहने, दस्तावेजों पर कथित फर्जी हस्ताक्षर कर कंपनी के निदेशक पद से हटाने और एक अन्य महिला के साथ मिलकर जान से मारने की साजिश रचने के आरोप लगाए हैं। मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने पहली शादी की बात छिपाई थी। पुलिस ने संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल ऑडियो की FSL जांच
इस मामले में सामने आए कथित ऑडियो को लेकर भी विवाद है। रेखा आर्य ने शिकायत में दावा किया था कि ऑडियो में उनके पति एक महिला के साथ मिलकर उन्हें नुकसान पहुंचाने की साजिश रच रहे हैं। वहीं, गिरधारी लाल साहू ने ऑडियो को AI से बनाया हुआ बताया था। अब कथित ऑडियो को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। दूसरी ओर, साहू ने मंत्री पर 210 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है, जिसे मंत्री ने पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। कांग्रेस ने मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: Greater Noida News: रबूपुरा में परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत और Premi-Premika News: औरैया में 75 साल के रामसुगर और 30 साल की रानी की प्रेम कहानी

