मुंबई (रिपोर्ट: गिरजा शंकर अग्रवाल)। भारत की ‘क्लीन सिटी’ यानी मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से निकलकर मायानगरी मुंबई तक का सफर तय करने वालीं उभरती हुई अभिनेत्री खुशबू वर्मा आज अपने अभिनय का परचम लहरा रही हैं। अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के दम पर उन्होंने बॉलीवुड और टेलीविजन जगत में अपनी एक खास जगह बना ली है।
दिग्गज सितारों को देखकर संजोया था मुंबई का सपना बॉलीवुड फिल्म रिपोर्टर गिरजा शंकर अग्रवाल के साथ एक विशेष भेंटवार्ता में खुशबू वर्मा ने अपनी प्रेरणा और फिल्मी सफर के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उन्हें शुरू से ही श्रीदेवी, जितेंद्र, धर्मेंद्र, रजनीकांत, अमिताभ बच्चन, रेखा और माधुरी दीक्षित जैसे दिग्गज सितारों की फिल्में देखने का शौक था। सिनेमा के इन महान कलाकारों के शानदार अभिनय को पर्दे पर देखकर ही उनके मन में भी एक्टिंग का जुनून पैदा हुआ। इसी जुनून के चलते उन्होंने मायानगरी मुंबई आने और कैमरे का सामना करने का सपना संजोया था।
निरंतर जारी है अभिनय का सफर सपनों के शहर मुंबई पहुंचने के बाद खुशबू वर्मा ने अपने संघर्ष और लगन से कई मुकाम हासिल किए। उन्हें अब तक कई वेब सीरीज, म्यूजिक एल्बम, शॉर्ट फिल्म्स, टीवी सीरियल और फीचर फिल्मों में अपनी अदाकारी का जादू दिखाने का मौका मिल चुका है। खुशबू का कहना है कि उनके अभिनय का यह सफर निरंतर जारी है और वह हर दिन कुछ नया सीखने का प्रयास करती हैं।
डीडी नेशनल के ‘पाठशाला’ में निभाएंगी लीड रोल अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर उत्साहित खुशबू ने बताया कि दर्शकों को जल्द ही उनका एक नया टीवी सीरियल ‘पाठशाला’ देखने को मिलेगा। इस बहुप्रतीक्षित सीरियल का प्रसारण ‘डीडी नेशनल’ (DD National) पर किया जाएगा। ‘महादेव डिजिटल’ के बैनर तले बन रहे इस शो का निर्देशन म जाने-माने डायरेक्टर मलिंगा जी कर रहे हैं। इस सीरियल में खुशबू वर्मा मशहूर अभिनेता करण ठाकुर के साथ मुख्य भूमिका (लीड रोल) में नजर आएंगी।
पर्दे के पीछे एक सक्रिय समाजसेवी भी हैं खुशबू एक बेहतरीन अदाकारा होने के साथ-साथ खुशबू वर्मा एक जिम्मेदार नागरिक भी हैं। वह परदे के बाहर समाज सेवा के कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। वर्तमान में वह कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी हुई हैं और समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।

