उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा Trans Bharat Aviation का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास चाईं गांव के ऊपर पहाड़ी से टकराकर क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत हो गई।
कब और कहां हुआ हादसा
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के अनुसार VT-HCX कॉल साइन वाला यह हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1:15 बजे बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा (देहरादून) के लिए रवाना हुआ था। करीब 2:20 बजे जोशीमठ घाटी के ऊपर इसका संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर मारवाड़ी ब्रिज के पास जेपी पावर हाउस के नजदीक पहाड़ी से टकराया। जोशीमठ के SDM को दोपहर 2:21 बजे क्रैश लैंडिंग की सूचना मिली।
Joshimath helicopter crash: पहाड़ों में खराब मौसम का अपडेट
मृतकों की पहचान
हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे — प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एच. एस. नटराजा। सभी बेंगलुरु के रहने वाले थे। समाचार एजेंसी PTI के अनुसार चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि सभी छह शव मिल गए हैं, हालांकि उन्हें अभी निकाला नहीं गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और CM की निगरानी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। उन्होंने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं और गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
कंपनी का बेड़ा ग्राउंडेड
एहतियात के तौर पर UCADA ने Trans Bharat Aviation Pvt. Ltd. के पूरे बेड़े को ग्राउंड कर दिया है। गौरतलब है कि खराब मौसम के बीच यह हादसा हुआ है — पिछले दो दिनों से पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) के विश्लेषण के अनुसार 2015-2025 के बीच चारधाम सेक्टर में 9 हादसे/गंभीर घटनाएं हुईं, और पिछले साल एक ही साल में 4 हादसे हुए थे, जिनमें 2 घातक थे।
Joshimath helicopter crash: आज का उत्तराखंड मौसम

