समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर (अमरोहा)। रक्षाबंधन पर्व पर शुक्रवार दोपहर हसनपुर-गजरौला मार्ग पर दीपपुर गेट के पास अचानक भीषण जाम लग गया। निर्माणाधीन पुलिया के समीप एक ट्रक का नक्का टूट जाने के कारण ट्रक बीच सड़क पर खड़ा हो गया। इससे व्यस्त मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई और देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों और बहनों से मिलने के लिए आवागमन कर रहे थे। मार्ग पर वाहनों का दबाव पहले से ही अधिक था। ऐसे में ट्रक खराब होने के बाद यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जाम में कार, बस, बाइक और अन्य छोटे-बड़े वाहन फंस गए। महिलाओं और बच्चों को भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में काफी देर तक परेशान होना पड़ा।
जाम की स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब मरीजों को लेकर जा रही एक एंबुलेंस भी वाहनों की कतार के बीच फंस गई। एंबुलेंस में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने किसी तरह रास्ता देने का प्रयास किया, लेकिन सड़क पर वाहनों की अधिक संख्या होने के कारण एंबुलेंस को निकलने में काफी समय लगा।पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालने में जुट गई।
पुलिसकर्मियों ने सड़क पर खड़े वाहनों को व्यवस्थित कर एक-एक करके निकालना शुरू किया। साथ ही जाम में फंसे लोगों को राहत दिलाने के लिए रास्ता खुलवाने का प्रयास किया गया।करीब दो घंटे तक पुलिस को यातायात सुचारू कराने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
ट्रक को हटाए जाने और वाहनों को नियंत्रित तरीके से निकाले जाने के बाद धीरे-धीरे जाम खुलना शुरू हुआ। करीब दो घंटे बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।रक्षाबंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर जाम के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

