मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा : मुरादाबाद जिले में आदमखोर तेंदुओं का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि अब लोग अपने घरों के अंदर भी सुरक्षित नहीं बचे हैं। ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के बलिया गांव में शुक्रवार रात एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई। यहां रात के अंधेरे में एक तेंदुआ घर में घुसा और सो रहे ग्रामीण को गर्दन से दबोचकर जंगल की ओर घसीट ले गया।
बिना दरवाजे की झोपड़ी से खींच ले गया तेंदुआ
जानकारी के अनुसार, बलिया गांव निवासी 35 वर्षीय जगराज का घर गांव की आबादी से थोड़ा बाहर है। गरीबी के कारण उनका घर झोपड़ीनुमा है और उसमें दरवाजा तक नहीं लगा था।
- शुक्रवार रात जगराज अपने घर में सो रहा था, तभी तेंदुआ अंदर घुस आया और उसे दबोच लिया।
- शनिवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर पड़ी, तो गांव के बाहर जंगल में जगराज का शव पड़ा मिला।
- तेंदुए ने शव को बुरी तरह नोच डाला था। ग्रामीण का क्षत-विक्षत शव देखकर पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
25 दिन में 4 लोगों को बनाया निवाला
मुरादाबाद प्रशासन और वन विभाग तेंदुओं के इन लगातार हमलों को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। बलिया यह वही गांव है, जहां महज तीन दिन पहले धान के खेत में निराई कर रही एक सिपाही की मां को तेंदुए ने अपना निवाला बना लिया था। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 25 दिनों के भीतर तेंदुआ
3 महिलाओं समेत 4 लोगों की जान ले चुका है, जबकि 20 से अधिक किसानों पर जानलेवा हमला कर उनकी गर्दन दबोच चुका है।
वन विभाग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
लगातार हो रही मौतों और दहशत के कारण लोग शाम होते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा वन विभाग पर फूट पड़ा है। उनका आरोप है कि तेंदुए को पकड़ने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने और असुरक्षित घरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।वहीं, इस पूरे मामले पर मुरादाबाद के
डीएफओ (DFO) विनय कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर भेज दी गई हैं। तेंदुए की गतिविधियों को ट्रैक किया जा रहा है और उसे पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
Related