झुंझुनूं। CM Bhajanlal Sharma : केन्द्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ और किसान भारत की आत्मा है। हमारी डबल इंजन की सरकार राजस्थान में किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा कृषि का रोड़ मैप बनाते हुए वैज्ञानिक पद्धति को प्रोत्साहित कर रही है।
परिवेदनाओं के निस्तारण में कोताही नहीं होगी बर्दाश्त- CM Bhajanlal Sharma
उन्होंने राजस्थान सरकार द्वारा कृषक हित में किए जा रहे अभूतपूर्व कार्यों के लिए CM Bhajanlal Sharma को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ब्याज मुक्त ऋण, पीएम किसान सम्मान निधि में वृद्धि, किसानों को दिन में बिजली जैसी सौगातों से किसानों को राहत मिली है।
चौहान सोमवार को झुंझुनूं में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल बीमा क्लेम भुगतान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झुंझुनूं वीरों की भूमि है तथा देश की सुरक्षा करते हुए यहां के सैंकड़ों जवानों ने बलिदान दिया है। उन्होंने कहा कि पहलगाम के कायराना हमले के बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी भारतीय सेनाओं ने आतंकवादियों के आकाओं के अड्डे नष्ट कर दिये और उन्हें खंडहर में परिवर्तित कर दिया।
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करते हैं, परन्तु बाढ़, सूखा, पाले जैसी प्राकृतिक आपदाओं से उनकी फसलें नष्ट हो जाती है। उन्होंने कहा कि पूर्व में फसल खराबा होने पर गांव अथवा व्यक्तिगत किसान को मुआवजा नहीं मिल पाता था। लेकिन अब प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत एक किसान को भी अपनी फसल के मुआवजे की पूरी राशि सीधे उसके खाते में मिलती है।
नकली बीज, खाद तथा पेस्टिसाइड के खिलाफ बनेगा नया कानून : CM Bhajanlal Sharma
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली, गौरवशाली, समृद्ध और विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है तथा तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश में वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं, ताकि किसानों की आमदनी बढ़े।
यूरिया, डीएपी, खाद, बीज सहित सभी कृषिगत संसाधनों पर केन्द्र सरकार द्वारा अनुदान दिया जा रहा है। फसलों की लागत में 50 प्रतिशत मुनाफा जोड़कर एमएसपी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा नकली बीज, नकली खाद तथा नकली पेस्टिसाइड के खिलाफ नया कानून भी बनाया जाएगा।

