समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर (अमरोहा)। हसनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता को कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने परिवार के कई सदस्यों के भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। विरोध करने पर विवाहिता के पिता के साथ मारपीट, गाली-गलौच करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पिता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उनकी बेटी की शादी करीब पांच वर्ष पहले सैदनगली थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। दंपति का दो वर्ष का एक बेटा भी है। पति-पत्नी के बीच विवाद होने के कारण विवाहिता पिछले दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी।
भोजन करने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। पीड़ित पिता ने बताया कि उन्होंने उस रात तबीयत खराब होने के कारण भोजन नहीं किया था, जिससे वे सुरक्षित रहे। तहरीर के अनुसार, रात करीब 12:40 बजे आरोपी विवाहिता को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने लगा। आहट होने पर जब पिता की नींद खुली और उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की तथा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद आरोपी विवाहिता को अपने साथ लेकर फरार हो गए।
उधर, नशीला पदार्थ खाने से प्रभावित परिवार के सदस्यों को तत्काल हसनपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हसनपुर कोतवाल राजेश तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश के साथ विवाहिता की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।

