Budaun News: बरात चढ़ने के दौरान सड़क पर लगे जाम में फंसी एंबुलेंस, बीमार महिला की चली गई जान
बदायूं। सड़क पर बरात चढ़ने के दौरान लगे जाम में फंसने के कारण एंबुलेंस से अस्पताल ले जाई जा रही बीमार महिला की हालात और बिगड़ गई।हायर सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मामले में मृतका के पति ने एक मैरिज लॉन संचालक को पत्नी की मौत का जिम्मेदार ठहराया है।मामले में वीडियो फुटेज के साथ पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।
गांव लखनपुर निवासी भूपेंद्र ने बताया कि कल बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे अचानक पत्नी किरन की हालत बिगड़ गई।इस पर उन्होंने शहर से निजी एंबुलेंस बुलवाई और पत्नी को उपचार के लिए बरेली ले जाने लगे।भूपेंद्र ने बताया कि शहर की पुरानी चुंगी के पास सड़क पर बरात चढ़ रही थी,जिससे शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी तक जाम लगा हुआ था।उनकी एंबुलेंस प्रसाद मंदिर के पास जाम में फंस गई।आरोप है कि करीब एक घंटे तक एंबुलेंस जाम से नहीं निकल सकी।बरेली स्थित हायर सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने किरन को मृत घोषित कर दिया। पति का कहना है कि यदि समय से अस्पताल पहुंच जाती तो शायद उनके साथ यह अनहोनी नहीं होती।
मैरिज लॉन में पार्किंग की व्यवस्था नहीं:-भूपेंद्र ने आरोप लगाया कि लॉन में पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है।शादी समारोह के दौरान बराती और अन्य लोग सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं।इससे आए दिन बदायूं-बरेली मार्ग पर जाम की स्थिति बनती है। पति भूपेंद्र का कहना है कि उन्होंने जाम लगने के दौरान के वीडियो भी बनाए हैं,जिसमें एंबुलेंस फंसी दिख रही है।बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम उन्होंने नहीं कराया था।हालांकि जाम के वक्त ही उन्होंने पुलिस को फोन पर जाम लगने संबंधी सूचना दे दी थी।
शुक्रवार को अंतिम संस्कार करने की वजह से वह तहरीर नहीं दे पाए थे।शनिवार को संबंधित मैरिज हॉल संचालक के विरुद्ध तहरीर देंगे।इधर, सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि जाम में फंसने से महिला की मौत के मामले की जानकारी नहीं है। यदि शिकायत मिलेगी तो जांच कराई जाएगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

