अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव उमरपुर में पिछले दिनों हुई कुंडल लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) लखन सिंह यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस टीम ने धर दबोचा है।
दुकान पर सिगरेट के बहाने आए और कर दी वारदात
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, यह घटना बीते 7 अगस्त की है। मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उमरपुर गांव स्थित एक दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले सिगरेट मांगने का बहाना किया और मौका पाते ही पलक झपकते ही वहां मौजूद महिला के कान से कुंडल छीन लिया। इसके बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी थीं।
ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी
मामले की सघनता से जांच कर रही अमरोहा पुलिस को 21 अगस्त (शुक्रवार) को बड़ी सफलता मिली। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से सम्भल निवासी शाने अली और अर्जुन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
बदली हुई थी बाइक की नंबर प्लेट, हथियार भी बरामद
एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से महिला से लूटा गया पीली धातु का कुंडल बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा इनके पास से एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल (Apache Bike), दो देशी तमंचे और दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस को चकमा देने के लिए बदमाशों ने बाइक का रंग और उसकी नंबर प्लेट बदल दी थी।
आरोपी अर्जुन पर दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अर्जुन कुमार का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ अमरोहा, मुरादाबाद और सम्भल जिलों के विभिन्न थानों में पहले से ही कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, जहां से उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
रिपोर्ट: भरत सिंह, समर इंडिया (अमरोहा)

