Amroha News :समर इंडिया, (जावेद चौधरी संवाददाता) हसनपुर (अमरोहा): जनपद के हसनपुर क्षेत्र में शनिवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। करनपुर माफी गांव में हुई इस बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अमरोहा की कार्यप्रणाली को लेकर शिक्षकों का भारी आक्रोश देखने को मिला। शिक्षकों ने संघ के जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह के निलंबन का कड़ा विरोध करते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है।
इस बैठक की अध्यक्षता स्वयं जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह ने की, जबकि संचालन का जिम्मा जिला मंत्री मुकेश चौधरी ने संभाला।
निलंबन को बताया एकतरफा और नियम विरुद्ध
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री मुकेश चौधरी ने कहा कि BSA द्वारा 21 मई को जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह का किया गया निलंबन पूरी तरह से ‘नियम विरुद्ध’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई बिना किसी ठोस कारण और बिना स्पष्टीकरण मांगे ही तानाशाही भरे एकतरफा ढंग से की गई है।
वरिष्ठ शिक्षक नेता पृथी सिंह ने भी इस निलंबन की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “शिक्षक पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा उनका मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
सांसद और विधायक से होगी शिकायत, BSA दफ्तर पर होगा धरना
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि यशपाल सिंह का निलंबन शीघ्र वापस नहीं लिया गया, तो शिक्षक संघ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय (BSA Office) पर एक विशाल धरना-प्रदर्शन करेगा। इसके साथ ही, शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल इस तानाशाहीपूर्ण रवैये के खिलाफ अमरोहा के सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर और शिक्षक विधायक (MLC) हरि सिंह ढिल्लों से मुलाकात कर अपनी लिखित शिकायत भी दर्ज कराएगा।
पूरे प्रदेश के शिक्षकों को किया गया लामबंद
संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि BSA की इस उत्पीड़नकारी कार्रवाई के विरोध में केवल अमरोहा के शिक्षक ही नहीं, बल्कि शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र और अनुदेशक भी पूरी तरह से एकजुट हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रदेश के संगठन पदाधिकारियों और प्रांतीय नेतृत्व को भी अवगत करा दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रांतीय स्तर पर आंदोलन छेड़ा जा सके।
बैठक में रामवीर सिंह, योगेश चौधरी, जितेंद्र कटारिया और सोम सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

