समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
सैदनगली (अमरोहा)। नगर पंचायत सैद नगली में शुक्रवार रात विकसित भारत सैद नगली महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ उत्साह और उल्लास के बीच हुआ। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनुकीर्ति चौधरी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। शुभारंभ के साथ ही मेले में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा महोत्सव परिसर देर रात तक गुलज़ार रहा।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अनुकीर्ति चौधरी ने कहा कि यह महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी मंच है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की।
उद्घाटन समारोह के दौरान हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अन्य विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।महोत्सव परिसर में आकर्षक झूले, बच्चों के मनोरंजन के साधन, खान-पान के स्टॉल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष व्यवस्था की गई है।
आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।इस अवसर पर नगर स्वच्छता प्रेरक अभिनव कौशिक, अधिशासी अधिकारी सलिल भारद्वाज, नीतू भाटी, सभासद अमित गुर्जर, अमित भाटी, रविंद्र सिंह, धारा सिंह, अमित प्रजापति, बागेश चौधरी, भगवत खड़गवंशी, नीरज कश्यप, नईम अहमद, फरीद बाबा, रसीद अहमद, फजले अब्बास सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के दिवाकर पांडे, उमा शंकर गर्ग, सूरज सिंह, दीपम पटेल, पीतम सिंह समेत क्षेत्र के शिक्षक और बड़ी संख्या में नगरवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
महोत्सव के पहले दिन उमड़ी भीड़ और लोगों के उत्साह ने यह संकेत दिया कि विकसित भारत सैद नगली महोत्सव-2026 क्षेत्र के प्रमुख आयोजनों में अपनी विशेष पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।

