Almora News : जागेश्वर धाम जल्द ही रंग-बिरंगी आधुनिक लाइटिंग से रोशन होगा। मास्टर प्लान के तहत यहां लाइटिंग का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और जुलाई से मंदिर रात के समय एक अलग ही रंग-रूप में नजर आएगा। जागेश्वर धाम के 125 मंदिरों के समूह का यह विकास कार्य मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है। पहले चरण में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से यह लाइटिंग परियोजना क्रियान्वित की जा रही है।
Almora News : जून में पूरा होगा लाइटिंग कार्य
लोनिवि पीआईयू के एई हेमंत पाठक ने बताया कि लाइटिंग का कार्य जून माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। कार्य को तेज गति से अंजाम दिया जा रहा है ताकि तय समय में मंदिर परिसर पूरी तरह जगमग हो सके। लाइटिंग पूरी होने के बाद मास्टर प्लान के तहत अन्य विकास कार्य भी चरणबद्ध तरीके से शुरू किए जाएंगे।
Almora News : पर्यटकों की संख्या में हो रही बढ़ोतरी
इन दिनों जागेश्वर धाम में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने के कारण प्रतिदिन 5 से 6 हजार पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं, जबकि शनिवार और रविवार को यह संख्या 10 से 12 हजार तक पहुंच जाती है। प्रशासन को उम्मीद है कि लाइटिंग कार्य के पूरा होने के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में और अधिक वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

