जिला अस्पताल की मोर्चरी में शव सड़ने की जांच करेंगे सीओ सिटी..
बदायूं। छह दिन तक जिला अस्पताल की मोर्चरी में मुंशी का शव सड़ने के मामले की जांच सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय करेंगे।एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने मामले को संज्ञान में लेते आदेश जारी किया है।
वजीरगंज थानाक्षेत्र के गांव रजलामई निवासी मुंशी हनीफ (60) की 11 जून को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।वह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला मीरा सराय स्थित घर में अकेले रहते थे। मुंशी की मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने उनके शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था। स्वास्थ्य कर्मियों ने पीआई (मेमो) के माध्यम से सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी थी।
फिर भी कोतवाली पुलिस ने पोस्टमाॅर्टम नहीं करवाया।इसके चलते मुंशी का शव छह दिन तक मोर्चरी में भी सड़ता रहा।सोमवार को सीएमएस ने पुलिस को फिर से मेमो भेजा। तब पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया।इस मामले में अब एसएसपी ने सीओ सिटी को जांच के निर्देश दिए है।इस मामले में सदर कोतवाली के मुंशी व हल्का प्रभारी पर कार्रवाई हो सकती है।
बुजुर्ग की मौत के मामले में पोस्टमाॅर्टम की कार्रवाई में लापरवाही बरतने की जांच सीओ सिटी को सौंप दी है।जांच में जो भी पुलिस कर्मी दोषी पाया जाएगा।उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।डॉ. ब्रजेश सिंह, एसएसपी
शव सड़ने के मामले की जांच डॉ.रियाज को दी गई है।तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। डॉ.कप्तान सिंह, सीएमएस
रिपोर्ट-जयकिशन सैनी (समर इंडिया)

