Uttarakhand Weather Today : रश्मि खत्री, देहरादून: उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में 5 फरवरी 2025 को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और टिहरी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों के लिए बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
Uttarakhand Weather Today : 6 फरवरी से मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार 6 फरवरी से प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। मंगलवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, लेकिन यह बारिश के सामान्य आंकड़ों की तुलना में काफी कम रही। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में व्यापक वर्षा नहीं हो रही है क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ की हवाएं उत्तराखंड तक नहीं पहुंच पा रही हैं।
Uttarakhand Weather Today : पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति से नहीं गिरा तापमान
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की कमी के चलते प्रदेश में तापमान में भी कोई खास गिरावट देखने को नहीं मिली है। मौसम के इस बदलते स्वरूप का सीधा असर तापमान पर पड़ रहा है। आमतौर पर सर्दियों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण ही बारिश और बर्फबारी होती है, लेकिन इस बार यह हवाएं उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों तक नहीं पहुंच पा रही हैं।
Uttarakhand Weather Today : पर्वतीय इलाकों में भी तापमान में बढ़ोतरी
यहां तक कि पर्वतीय जिलों में भी दिन और रात दोनों के तापमान में इजाफा हो रहा है। जनवरी के बाद अब फरवरी में भी वर्षा का अभाव बना हुआ है, जिससे सूखे जैसी स्थिति बन रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ तो आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी संभव है।

