मेला ककोड़ा 2026: गंगा के किनारे बसने लगे कल्पवासियों के डेरे, आस्था की नगरी’ में बढ़ी रौनक
बदायूं।कादरचौक इलाके में मेला ककोड़ा में कल्पवासियों के डेरे बसने शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही गंगा की कटरी में रौनक बढ़ने लगी है। बरेली सहित आसपास के जिलों से श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए हैं। कल्पवासी अपने लिए जगह तैयार करने और तंबू लगाने में जुट गए हैं।
मेला क्षेत्र में करीब 1200 दुकानें लगती हैं।दो मीना बाजार भी सज रहे हैं। खान-पान के रेस्टोरेंट,बाल काटने व मुंडन संस्कार के अलावा हलवाइयों की दुकानें भी अलग रहती हैं। सब्जी की दुकानों का भी बाजार लगता है। मीना बाजार के साथ ढोलक,मंजीरे और पूजा-पाठ की सामग्री, पशुओं के सामान,घरेलू जरूरतों और किराना की दुकानें पहुंच गई हैं।आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ बाजार पूरी तरह गुलजार होने की उम्मीद है।
शाम को रंगीन लाइटें बढ़ा रहीं मेले की शोभा:-मेला ककोड़ा। शाम को रंग-बिरंगी लाइटें मेले की शोभा और बढ़ा देती हैं। छतरीनुमा आकार की लाइटें बेहद आकर्षण लग रही हैं।बृहस्पतिवार की देर शाम मेला ककोड़ा की अनूठी छटा बिखेर रही थी।गंगा घाट तक लाइटें जगमग नजर आ रही थीं।आने वाले दो दिन में मेला क्षेत्र पूर्णरूप से रोशनी में नहाने लगेगा।

