Buduan Crime: शराब ठेके के पास खेत में मिला युवक का शव, शरीर पर चोट के निशान; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बदायूं। मुजरिया थाना क्षेत्र में बुधवार रात घर से निकले एक युवक का शव आज बृहस्पतिवार सुबह खेत में मिला।युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं,जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।मृतक के भाई योगेश ने गांव के कुछ लोगों पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।ग्राम कटैया निवासी योगेश ने बताया कि उनका भाई उर्वेश (30 वर्ष) बुधवार शाम करीब पांच बजे दो साथियों के साथ घर से गए थे।इसके बाद वह रात में घर नहीं पहुंचा।काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर थाना:-आज बृहस्पतिवार सुबह मुजरिया चौराहे पर शराब ठेके से करीब 50 मीटर दूर खेत में उसका शव पड़ा होने की जानकारी मिली।युवक का शव मिलने की सूचना पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर थाना भी है।परिजनों का कहना है कि शव पर चोट के निशान मिले हैं।मुजरिया थाना पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की।पुलिस युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है।सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।उन्होंने कहा कि तहरीर प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

