भोर में हुआ भीषण हादसा
कानपुर देहात जिले के थाना सिकंदरा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर गुरुवार, 19 नवंबर की भोर करीब 4:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी से दर्शन कर श्रद्धालुओं को लेकर उन्नाव लौट रही एक निजी ट्रैवल बस आगे चल रहे सरसों के तेल से लदे ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 अन्य यात्री घायल हो गए। तिगरी गंगा मेला: 20 से 23 नवंबर तक सांस्कृतिक महोत्सव भी पढ़ें।
दो श्रद्धालुओं की मौत, 22 घायल
हादसे में बस में आगे बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान कृष्णवीर सिंह उर्फ ठाकुर (48 वर्ष), निवासी चम्पापुरवा, थाना गंगाघाट, उन्नाव और रामानन्द यादव उर्फ रामा यादव (55 वर्ष), निवासी शुक्लागंज, थाना गंगाघाट, उन्नाव के रूप में हुई है। सभी 22 घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदरा पहुंचाया गया, जहां से 12 घायलों को जिला अस्पताल माती रेफर किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात आलोक प्रसाद ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मृत्यु हुई है और 22 लोग घायल हुए हैं।
ओवरटेक के दौरान टक्कर
सर्वेश गुप्ता ने ‘जायसवाल बस सेवा’ की निजी ट्रैवल बस (संख्या UP 35 CT 8765) बुक कराई थी। सभी यात्री 18 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे मेहंदीपुर बालाजी से वापस उन्नाव के लिए रवाना हुए थे। सिकंदरा थाना क्षेत्र में खोजाफूल-महटोली (राजस्थानी ढाबा) के पास औरैया बॉर्डर के समीप बस ने आगे चल रहे सरसों के तेल से लदे ट्रक (संख्या JH 02 AK 9641) को ओवरटेक करने का प्रयास किया और इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर ट्रक के पीछे जा घुसी। बस में कुल 33 यात्री सवार थे। हादसे के बाद बस चालक अमन खान (निवासी उन्नाव) मौके से फरार हो गया।
अधिकारियों ने लिया घायलों का हाल
हादसे की सूचना पर थाना प्रभारी सिकंदरा धीरेंद्र कुमार और अमराहट थाना प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटवाकर एनएच-19 पर यातायात सामान्य करा दिया। बाद में मुख्य विकास अधिकारी/प्रभारी जिलाधिकारी विधान जायसवाल और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंकित शुक्ला ने मेडिकल कॉलेज/जिला चिकित्सालय अकबरपुर पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर उपचार के निर्देश दिए। मृतकों के परिजनों को नियमानुसार शासकीय सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए हैं। यूपी में 55 PCS अधिकारियों के तबादले भी पढ़ें।

