20 से 23 नवंबर तक चार दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव
15 से 25 नवंबर तक चल रहे राजकीय गंगा तिगरी मेला-2026 के अंतर्गत 20 से 23 नवंबर तक चार दिवसीय मुख्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार, नगर विकास विभाग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव की थीम ‘संस्कृति एवं आस्था का संगम’ रखी गई है। जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ के नेतृत्व में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इसमें इंडियाज गॉट टैलेंट और सारेगामा के विजेताओं सहित 17 प्रमुख कलाकार एवं सांस्कृतिक दल प्रस्तुतियां देंगे, वहीं 16 शिक्षण संस्थानों की 17 प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। तिगरी गंगा मेला का पहला दिन: 15 नवंबर से शुरू हुआ आस्था का महाकुंभ के बारे में पढ़ें।
रोज शाम गंगा महाआरती और दीपदान
20 नवंबर को कार्तिक शुक्ल दशमी के अवसर पर मुख्य आयोजनों का शुभारंभ होगा। चारों दिन अपराह्न 4:30 बजे मां गंगा का विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। इसके बाद शाम 5:30 से 6:30 बजे तक दीपदान और गंगा आरती होगी। शाम 6 बजे वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती आयोजित की जाएगी। 21 से 23 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक विशेष सांस्कृतिक सत्र भी आयोजित होंगे, जिनमें क्षेत्र के विद्यालयों और मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
दिनवार कार्यक्रम: इशिता से अजय हुड्डा तक
20 नवंबर को ब्लू बर्ड्स इंटरनेशनल कॉलेज धनौरा की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद इंडियाज गॉट टैलेंट से चर्चित इशिता विश्वकर्मा अपनी संगीत प्रस्तुति देंगी। अमरोहा की कत्थक नृत्यांगना तेजस्विनी शिव-दुर्गा नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। 21 नवंबर को क्रेजीहॉपर्स, बॉलीवुड गायक कुलदीप चौहान, जतिन निगम, दिव्यांशी मौर्य और ऐश्वर्या वर्मा मंच पर होंगे। 22 नवंबर को सारेगामा विजेता हेमंत बृजवासी की बॉलीवुड नाइट मुख्य आकर्षण होगी। 23 नवंबर को हरियाणवी गायक अजय हुड्डा, जुगनू जादूगर और दीपक शर्मा की फूलों की होली से महोत्सव का समापन होगा।
मुख्य अतिथि और तैयारियां
मुख्य आयोजन में प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। सांसद कंवर सिंह तंवर, जिला पंचायत अमरोहा के प्रशासक ललित तंवर, मुरादाबाद मंडलायुक्त संगीता सिंह और डीआईजी अजय कुमार साहनी सहित 10 अति विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएंगे। मेला 25 नवंबर तक चलेगा और मुख्य स्नान 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन होगा। तिगरी गंगा मेला 2026: 15 से 25 नवंबर तक, जानें पूरा कार्यक्रम भी पढ़ें।

