Budaun Crime: दोहरा हत्याकांड: दरवाजा खुला, संघर्ष के नहीं मिले निशान, करीबी पर शक; नानी-धेवते की हत्या में कई सवाल
बदायूं। गांव कान्हा नगला में घर में सोने के दौरान नियाज बानो और उनके आठ वर्षीय धेवते अफनान की हत्या ने कई सवालों को जन्म दिया है।अहम सवाल उठ रहा है कि रात में नियाज बानो घर का दरवाजा बंद कर सोई थीं तो सुबह दरवाजा खुला कैसे मिला।दोनों के गले पर निशान मिले, लेकिन पुलिस और फॉरेंसिक टीम को जांच करने के दौरान चारपाई पर किसी प्रकार के ऐसे साक्ष्य नहीं मिले,जिससे गला दबाने के दौरान नियाज बानो व अफनान ने कोई बचाव किया हो।अब सवाल उठ रहा है कि क्या सोते समय दोनों के गले दबाए गए।
महिला के कानों से कुंडल व पायजेब गायब होने पर लूट के लिए हत्या की आशंका जताई है, लेकिन लूटपाट करने वाला घर से अन्य एक भी सामान लेकर नहीं गया।कहीं ऐसा तो नहीं कि हत्या करने के बाद उसे लूटपाट की तरफ डायवर्ट किया गया हो,ताकि असल वजह सामने नहीं आ सके।फिलहाल, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जो साक्ष्य एकत्र किए हैं,उन्हीं के जरिये कातिलों तक पहुंचने के लिए चार टीमें जुटी हुई हैं।वारदात में शक की सुई परिचित और किसी करीबी पर ज्यादा घूम रही है।घटनास्थल पर प्रतिक्रिया के एक भी साक्ष्य न मिलना भी करीबी की ओर से शक गहरा रहा है।नियाज बानो के दोनों बेटे इमरान (22) और इरफान (20) करीब एक माह से दिल्ली में सिलाई का काम कर रहे हैं।
वहीं नियाज बानो की बेटी हिना और फिजा की ससुराल गांव में ही है।हिना के पति आरिफ और फिजा के पति सोहेल भी दिल्ली में सिलाई का काम करते हैं।फिलहाल पुलिस टीमें यह जानकारी जुटा रही हैं कि शुक्रवार को नियाज बानो के घर पर कौन-कौन पहुंचे थे।उनमें कितने परिचित और कितने अजनबी थे।आसपास के घरों में भी लोगों से संदिग्ध देखे जाने वाले लोगों के बारे में जानकारी की गई है।
पति की मौत के बाद मजदूरी कर नियाज बानो ने पाले चार बच्चे:-
तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमॉर्टम:-कान्हा नगला गांव में महिला नियाज बानो और उसके धेवते अफनान के शव घर में मिलने के बाद उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया।देर शाम आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में दोनों की मौत का कारण गला दबाने के दौरान दम घुटने से होना आया है।दोनों के पोस्टमॉर्टम कागजों के देरी से पहुंचने के कारण देर शाम तक हो पाए।पुलिस ने दोनों के पोस्टमॉर्टम वीडियोग्राफी और पैनल से कराया।
अफनान के दादा नरु आलम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हत्यारोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। तहरीर देकर नरु आलम ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले उनकी समधिन नियाज बानो दिल्ली से अफनान को साथ लेकर गांव पहुंची थीं।उसके बाद शुक्रवार की रात वह उनके घर से खाना खाने के बाद अपने घर सोने चली गई थी। इसके बाद शनिवार की सुबह उनकी बहू हिना ने जाकर देखा, तो उनकी समधिन का शव जमीन पर पड़ा था।अफनान का शव कमरे के बाहर चारपाई पर पड़ा था। सूचना पर मिलने पर हम सब वहां पहुंचे, इसके बाद नियाज बानो को उठाकर हमने चारपाई पर लिटा दिया। उनके गले पर चोट और नीलेपन के निशान मिले।घटना की सूचना पर एसएसपी अंकिता शर्मा समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। बिनावर पुलिस ने अफनान के दादा नूर आलम की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
खुलासे के लिए एसओजी समेत चार टीमें लगाईं:-घर का सारा सामान भी सुरक्षित मिला है।परिजनों ने कुंडल और पाजेब गायब होने की बात कही है।पोस्टमॉर्टम में दोनों की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है।अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।खुलासे के लिए एसओजी सहित चार टीमें लगाई हैं।– अंकिता शर्मा, एसएसपी बदायूं रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

