Badaun News: पुलिस का मुखबिर होने के शक में युवक को पीटा, मोबाइल छीना
बदायूं। पुलिस का मुखबिर होने के शक में दो युवकों ने एक दलित युवक को रास्ते में घेरकर मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया और उसका मोबाइल छीन लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।मामले की विवेचना सीओ बिसौली को सौंपी गई है। कस्बे के वार्ड नंबर छह निवासी सचिन सागर पुत्र राजवीर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10:51 बजे वह धीमर वाले चौराहे के पास से गुजर रहा था।इसी दौरान वार्ड नंबर सात निवासी राजीव कश्यप और पप्पू कश्यप ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाते हुए उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की।
मोबाइल छीनने और धमकी देने का आरोप:-पीड़ित ने बचाव के लिए अपने मालिक हिमांशु को फोन किया तो आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर कॉल काट दी।आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।किसी तरह वहां से बचकर निकले सचिन ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज:-थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।मामले की विवेचना सीओ बिसौली कर रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

