स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखंड के दो शहरों रुद्रपुर और काशीपुर को शानदार उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दोनों नगर निगमों को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
रुद्रपुर को क्लीन हिमालयन सिटी में पहला स्थान
रुद्रपुर नगर निगम को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी के तहत हिमालयी राज्यों में पहला स्थान मिला है। महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने राष्ट्रपति से यह पुरस्कार प्राप्त किया। महापौर ने बताया कि पिछली बार रुद्रपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय रैंकिंग में 467वें स्थान से छलांग लगाकर 169वीं रैंक हासिल की थी।
काशीपुर को प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार
आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में काशीपुर को प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में काशीपुर के महापौर दीपक बाली मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्तराखंड में शहरी स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और शहरी स्थानीय निकायों में किए जा रहे सुधारों एवं नवाचारों पर विस्तार से चर्चा की गई। काशीपुर में सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन की खबर यहां पढ़ें
सीएम धामी ने दी बधाई, कहा- प्रदेश के लिए गर्व का क्षण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वच्छ सर्वेक्षण में रुद्रपुर को प्रथम स्थान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए समस्त नगरवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड की निरंतर प्रगति को दर्शाती है।
स्वच्छता में उत्तराखंड की लगातार प्रगति
राज्य के शहरों को स्वच्छ सर्वेक्षण में लगातार सम्मान मिल रहा है। इसके साथ ही कूड़ा प्रबंधन और जैव ईंधन जैसी पर्यावरणीय पहलों पर भी काम चल रहा है। स्वच्छता के क्षेत्र में मिली यह उपलब्धि उत्तराखंड के नगर निकायों में हो रहे सुधारों और नवाचारों का नतीजा मानी जा रही है। धामी की 13 घोषणाओं की खबर यहां पढ़ें

