Sahaswan Crime: सहसवान में लूट के आरोपी का शांति भंग में चालान
29500 रुपये लूटने की शिकायत लेकर पहुंचा था पीड़ित, पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
सहसवान (बदायूं) कोतवाली सहसवान पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर एक पीड़ित ने सवाल उठाए हैं।आरोप है कि दिन-दहाड़े 65 वर्षीय वृद्ध से 29,500 रुपये लूटने के मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में तो लिया,लेकिन उसके खिलाफ लूट के मामले में कार्रवाई करने के बजाय शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया। इससे पीड़ित ने नाराजगी जताते हुए न्याय की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डकारा पुख्ता निवासी चंद्रपाल पुत्र सुक्खी (65 वर्ष) ने थाना कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया की वह रविवार शाम करीब पांच बजे घरेलू सामान लेकर पैदल सहसवान-डकारा मार्ग से अपने घर वापस लौट रहा था।आरोप है कि ग्राम से कुछ दूरी पर स्थित मठिया के निकट गांव के ही दबंग बदमाश हेकड़ दानवीर पुत्र सुरेश ने अपनी बाइक उनके आगे लगाकर उन्हें रोक लिया और उनके पास जब में रखे हुए मौजूद 29,500 रुपये लूट लिए।

चर्चा है कि पुलिस ने आरोपी दानवीर के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे उपजिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया।वहां से आरोपी को एक लाख रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।
वहीं, पीड़ित चंद्रपाल का कहना है कि रुपये लूटे जाने की शिकायत के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए उसकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।इस बाबत प्रभारी निरीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया परंतु संपर्क नहीं हो सका।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

