समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर (अमरोहा) भारतीय किसान यूनियन शंकर द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आज मंडी समिति हसनपुर में दोपहर 12 बजे से कैप्टन वीर सिंह चौहान के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने के दौरान किसानों ने सरकार एवं प्रशासन से लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराने की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौधरी नेमपाल सिंह ने कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मांग की कि वर्तमान पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल घोषित किया जाए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिल सके।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कई वर्ष पूर्व हसनपुर चीनी मिल के विस्तारीकरण की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक इस दिशा में ठोस कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने किसान हित में हसनपुर चीनी मिल का शीघ्र विस्तारीकरण कराने की मांग की।
कैप्टन वीर सिंह चौहान ने कहा कि हसनपुर क्षेत्र में खूंखार कुत्तों, बंदरों तथा आवारा गोवंशीय पशुओं के कारण किसान परेशान हैं और फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने इन समस्याओं का स्थायी समाधान कराने तथा आवारा पशुओं को समुचित रूप से संरक्षित कराने की मांग की।
धरने में मंडी समिति से संबंधित सड़क, पुलिया, पुलिस व्यवस्था, बैंकिंग सुविधा, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली, चकबंदी, परिवहन, प्रदूषण तथा सिंचाई से जुड़ी समस्याओं सहित ज्ञापन में शामिल सभी 13 मांगों पर कार्रवाई की मांग की गई। किसानों ने स्पष्ट कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर भारतीय किसान यूनियन शंकर आगे भूख हड़ताल का आंदोलन करने के लिए विवश होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
धरने के उपरांत संगठन द्वारा मांग-पत्र नायब तहसीलदार हसनपुर को सौंपा गया, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया।
इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष राकेश चौहान, सरजीत चौहान,, शेर सिंह राणा प्रधान हरि सिंह सैनी, नेतराम सैनी,हरप्रीत हैप्पी , राजपाल सैनी बबीता रानी मुन्नी देवी पार्वती पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

