बदायूं: अंबेडकर की प्रतिमा लगाने के बहाने सरकारी जमीन पर कब्जा करने की साजिश, नौ आरोपी गिरफ्तार
बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बैरमई बुजुर्ग में डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने के बहाने ग्राम समाज इंटर कॉलेज की सरकारी जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची गई,लेकिन ग्रामीणों के सूचना देने पर प्रतिमा लगाने की कोशिश करने वाले कुछ लोग भाग गए।दो मौके से पकड़े गए।इस प्रकरण में पुलिस ने भूमि पर अवैध कब्जा करने और सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने के आरोप में 11 नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।पुलिस ने मामले की जांच करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें शांतिभंग के आरोप में कोर्ट में पेश किया गया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव कुमार शर्मा ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्हें उचित माध्यम से सूचना मिली कि 15 सितंबर की रात करीब नौ बजे कुछ लोगों ने विद्यालय के स्कूल फार्म की सरकारी जमीन पर कब्जा करने के उद्देश्य से ईंट और अन्य निर्माण सामग्री मौके पर पहुंचाई।इसके बाद चबूतरा बनाकर जमीन पर प्रतिमा लगाने के बहाने अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया।


