श्रीनगर/टिहरी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमवती नंदन बहुगुणा (HNB) गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में शिरकत की। ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश भर से जुड़े विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया और विकसित उत्तराखण्ड को लेकर उनके सुझाव, सपने और विचार सुने।
कार्यक्रम की प्रमुख बातें और सीएम के संदेश:
2.67 लाख छात्रों ने भेजे सुझाव: मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ अभियान को व्यापक समर्थन मिला है। इसके तहत प्रदेश भर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने निबंध और विचारों के माध्यम से अपनी भागीदारी दर्ज कराई है।
पलायन पर सीएम का नजरिया: रुद्रप्रयाग की सीमा सेमवाल, अनुष्का और देवप्रयाग की श्रेया व तमन्ना ने पहाड़ों से पलायन और रोजगार की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर सीएम ने कहा कि शिक्षा और अनुभव के लिए अस्थायी रूप से बाहर जाना हमेशा नकारात्मक नहीं होता। हालांकि, युवाओं को अपनी चुनौतियों को अवसरों में बदलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य में 500 से अधिक स्मार्ट क्लास संचालित हैं और अब ‘रिवर्स माइग्रेशन’ भी देखने को मिल रहा है।
हेली एंबुलेंस और कौशल विकास का सुझाव: छात्र मुकेश कुशवाहा ने गांवों में हेलीकॉप्टर एंबुलेंस और स्कूल स्तर पर कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) की ट्रेनिंग शुरू करने का सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने इस सुझाव की सराहना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
नकल माफियाओं पर प्रहार: सीएम ने युवाओं को आश्वस्त किया कि उनकी मेहनत से खिलवाड़ करने वाले नकल माफियाओं के खिलाफ राज्य में सख्त कानून लागू किए गए हैं, ताकि सभी को पारदर्शी और निष्पक्ष अवसर मिल सकें।
नशे से दूर रहने की अपील: मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया और अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा व राष्ट्र निर्माण में लगाने की सलाह दी।
इन्हें मिला सम्मान कार्यक्रम के दौरान छात्रा अदिति गौतम ने मुख्यमंत्री को अपने हाथों से बनाई एक चित्रकृति भेंट की। निबंध प्रतियोगिता में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और बेहतर कार्य के लिए नोडल अधिकारी (शिक्षक) अंकुश को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर टिहरी गढ़वाल की डीएम नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, सीडीओ वरुणा अग्रवाल समेत शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

