वजीरगंज में इंजेक्शन लगाने से प्रसूता की मौत, परिजनों ने जमकर काटा हंगामा
बदायूं।वजीरगंज क्षेत्र के गांव हत्सा निवासी महिला की शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे प्रसव के बाद एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। महिला ने पुत्र को जन्म दिया था।परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद महिला को इंजेक्शन लगाया,कुछ देर बाद मुंह से झाग आने पर उसकी मौत हो गई।परिजनों ने अस्पताल संचालक और डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस ने परिजनों को किसी तरह समझाकर शांत कराया।स्थिति को देखते हुए अस्पताल में पुलिस तैनात कर दी है।
वजीरगंज के गांव हत्सा निवासी फरहद की पत्नी आरिश को शनिवार दोपहर प्रसव पीड़ा होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डाॅक्टरों ने प्रसव कराया, जिसके बाद महिला ने पुत्र को जन्म दिया।परिजनों का कहना है कि प्रसव के बाद महिला को एक इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ समय बाद ही उसकी हालत बिगड़ गई और महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया।उन्होंने अस्पताल में हंगामा करते हुए इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव कराने के नाम पर अस्पताल की ओर से उनसे 35 हजार रुपये जमा कराए गए थे, इसके बावजूद महिला के इलाज में लापरवाही बरती गई। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। देर शाम तक परिजनों और अस्पताल प्रशासन में वार्ता चलती रही।परिजनों के अनुसार वह करीब चार माह से ककराला स्थित मायके में रह रही थी।एएसपी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि अस्पताल में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात की गई है।पीड़त परिवार ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
मरीजों ने खाली करना शुरू किया अस्पताल:-महिला की मौत होने के बाद में अस्पताल में परिजनों ने हंगामा किया।इस दौरान वहां पर भर्ती मरीजों व उनके परिजनों में हलचल मच गई।इसके बाद में मरीजों ने वहां से निकलना शुरू कर दिया।यहां तक कुछे मरीज बिना छुट्टी कराए ही हंगामा होते देख,वहां से निकल गए।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

