पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, सात लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
बदायूं। पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई।घटना के बाद मारपीट के वीडियो वायरल हुए।इस मामले में पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर घेरकर हमला करने का आरोप है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है।मारपीट की यह घटना 10 सितंबर को गंडाह गांव में हुई थी। गांव निवासी रनवीर सिंह ने तहरीर देकर बताया कि वह अपने भाइयों संजीव और ओमवीर के साथ महीपाल के घर से लौट रहा था। शेषपाल के मकान के सामने पहुंचने पर शेषपाल,अरविन्द, सुखपाल, जगबेन्द्र, मुनेन्द्र, कुलदीप और अंकित ने तीनों भाइयों को घेर लिया।

रनवीर और ओमवीर किसी तरह वहां से निकल गए, जबकि आरोपियों ने संजीव को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। दोनों भाइयों ने घर पहुंचकर परिवार को घटना बताई। इसके बाद संजीव को बचाने पिता बुधपाल, चाचा ओमपाल, चचेरे भाई रंजीत, नरजीत और भाभी अंगूरा देवी मौके पर पहुंचे। तहरीर में आरोप है कि आरोपियों ने एक राय होकर लाठी, डंडे, कांता, हसिया और लोहे की रॉड से सभी पर हमला कर दिया। मारपीट में बुधपाल,संजीव,ओमपाल,रंजीत,नरजीत और अंगूरा देवी को गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी सभी को धमकी देते हुए भाग गए। आरोप है कि आरोपियों ने दोबारा प्रधानी का चुनाव लड़ने पर जान से मारने की धमकी दी। रनवीर ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने शेषपाल,अरविन्द,सुखपाल,जगबेन्द्र,मुनेन्द्र,कुलदीप और अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रिपोर्ट-जयकिशन सैनी
Related