UP News-अमरोहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा काल के पच्चीस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत चर्चा की। जनपद अमरोहा से कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में धनौरा विधायक श्री राजीव तरारा जी, शिक्षक विधायक डॉ. हरि सिंह ढिल्लो जी, जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़, मुख्य विकास अधिकारी श्री अश्वनी कुमार मिश्र, नगर पालिका परिषद अमरोहा की अध्यक्षा श्रीमती शशि जैन के साथ निकायों के अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख एवं संबंधित अधिकारीगण इस संवाद में सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री जी ने सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाने तथा केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जनजीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान किसी भी पात्र लाभार्थी को योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए और सफलता की कहानियों को प्रभावी ढंग से प्रचारित किया जाए, ताकि विकसित भारत 2047 का सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प जन-जन से जुड़े।
यह अभियान माननीय प्रधानमंत्री के पच्चीस वर्षों की अविरल जनसेवा का सम्मान, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का प्रामाणिक प्रसार तथा युवा, महिला, किसान और वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम है।
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी। इस दिन प्रत्येक ग्राम पंचायत और शहरी वार्ड में रक्तदान शिविर तथा दिव्यांगजन कल्याण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित परिवार सायं सात बजे अपने आवासों पर दीप प्रज्वलित करेंगे। प्रदेश के प्रमुख मंदिरों, नदी घाटों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, चिकित्सालयों और इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर भी विशेष दीप प्रज्वलन होगा। सत्रह सितंबर से सात अक्टूबर तक मेरे सपनों का भारत विषय पर विद्यालयों में चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। नमो सेवा गाथा के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनका दो अक्टूबर को प्रमुख स्थलों पर व्यापक मंचन किया जाएगा। पच्चीस सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा के रूप में तीन दिवसीय उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें आशा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा। सेवा की कहानी कार्यक्रम के माध्यम से योजनाओं से जीवन में आए परिवर्तन की प्रामाणिक रील्स और इन्फ्लुएंसर भ्रमण द्वारा सफलता की कहानियां जनसामान्य तक पहुंचाई जाएंगी। सात अक्टूबर को प्रत्येक जनपद के प्रमुख चौराहे पर सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं सामूहिक विकसित भारत संकल्प होगा। सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, रक्तदान और श्रमदान जैसी गतिविधियों में नागरिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सेवा सेतु अभियान के तहत प्रत्येक विकासखंड पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुँच का लक्ष्य रखा गया है। राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में युवाओं और स्टार्टअप की भागीदारी होगी। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को जनसेवा महाकुंभ के साथ होगा। इसके अतिरिक्त प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, तीर्थ स्थलों पर महायज्ञ एवं प्रार्थना सभाएँ, ग्राम चौपाल तथा डिजिटल लाइब्रेरी का लोकार्पण भी आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में अभियान के समस्त कार्यक्रमों का प्रभावी एवं समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इसे वृहद स्तर पर आयोजित करते हुए जन अभियान का रूप दिया जाए।

