शामली-हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान के दो हत्यारे उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए हैं। यह एनकाउंटर सोमवार तड़के खेड़ी करमू गांव में हुआ। शामली-कैराना मार्ग के किनारे एक मकान के पास पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हुआ। आरोपियों ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ शामली में सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के पानीपत खटीमा हाईवे मार्ग पर हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अंकित बालियान के पिता ने कहा कि दो आरोपियों का एनकाउंटर होने से उन्हें आधा न्याय मिल गया है।
अंकित बालियान की हत्या में कथित तौर पर चार लोग शामिल थे। ये चारों बाइक पर आए थे और गोलीबारी कर फरार हो गए थे। दो हत्यारे करनाल और दो रोहतक के रहने वाले हैं। इनमें से दो हत्यारों की पहचान रविवार को सामने आई थी और अब दो आरोपियों का एनकाउंटर कर दिया गया। शूटर्स मोहित और सुमित एनकाउंटर में मारे गए हैं। इन दोनों ने 20-21 अगस्त को अंकित की रेकी भी की थी। मोहित और सुमित 20 अगस्त को शामली के सूर्या होटल में रुके थे। दोनों ने 20 और 21 अगस्त को पूरी रेकी की। दोनों होटल के सीसीटीवी में कैद हुए थे। होटल में रुक कर मोहित और सुमित ने अंकित के सारे मूवमेंट की रेकी की। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारी का बयान
शामली के एसपीनरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, “हमारे इलाके के एक जाने-माने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान, जो एक अच्छे परिवार से थे, उनका मर्डर हो गया। इसके बाद, हमारी SWAT टीम, सर्विलांस यूनिट, और सभी SHO, ASP, और CO (सिटी और कैराना) को केस सौंपा गया। मैंने आधी रात से सुबह 6.00 बजे तक नाकाबंदी का प्लान लागू करने का आदेश दिया था ताकि कोई भी गाड़ी बिना चेक किए जिले में न आ सके। आज, सुबह करीब 4.00 बजे, जब हिजाना के SHO वीरेंद्र कसाना अपने स्टेशन के पास चेकिंग कर रहे थे, तो उन्होंने करनाल की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती देखी। उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की। बाइक पर दो क्रिमिनल सवार थे। उन्होंने तुरंत उन पर गोली चला दी। वह बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी गाड़ी में एक गोली लगी। उन्होंने तुरंत वायरलेस पर मैसेज भेजा। संदिग्धों की गाड़ी तेजी से भागी और कैराना की तरफ मुड़ गई। जब वे मन्ना मद्रा पुल के नीचे पहुंचे, तो थाना शहर के SHO धर्मेंद्र गौतम चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उन पर गोली चला दी, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। पुलिसकर्मी ने तुरंत उन्हें चैलेंज किया। सस्पेक्ट्स शहर की तरफ बाएं मुड़ गए। हालांकि, वायरलेस पर पहले ही अलर्ट ब्रॉडकास्ट हो चुका था। ऐसे में हमारी SWAT टीम, सर्विलांस इंचार्ज, SHOs, CO सिटी, ASP, और CO कैराना सभी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद, सस्पेक्ट्स ने अचानक अपनी गाड़ी दाईं ओर, इस एरिया की तरफ मोड़ दी, जहां एनकाउंटर हुआ।”

