मामा समेत दो पर नाबालिग को 10 हजार में बेचने पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
बदायूं।नाबालिग किशोरी ने मामा पर 10 हजार रुपये में उसे बेचने का आरोप लगाया है।किशोरी ने दूसरे युवक पर जबरन कार में ले जाकर दो दिन तक रखने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर किशोरी को वापस लाया गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।मामला मुजरिया थाना क्षेत्र के एक गांव का है।किशोरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिता की मौत के बाद करीब एक साल से वह बिनावर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपने मामा के घर रह रही थी।
किशोरी ने आरोप लगाया कि चार अगस्त को मामा इजरायल ने उसे फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के अजीम नाम के युवक को दस हजार रुपये में बेच दिया।आरोप है कि अजीम उसे जबरन कार में बैठाकर अपने गांव ले गया। वहां उसे दो दिन तक रखा गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
घटना की जानकारी किशोरी के भाई और परिवार के लोगों को हुई तो वे अजीम के गांव पहुंचे और किशोरी को वापस लाने का प्रयास किया।परिवार के लोगों के दबाव के बाद किशोरी को उसके घर छोड़ दिया गया।घर पहुंचने के बाद किशोरी ने परिजनों को पूरी घटना बताई।इसके बाद शुक्रवार देर रात परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर मामा इजरायल और अजीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि किशोरी की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस मामले की जांच कर रही है।पुलिस ने किशोरी से घटना की जानकारी लेने के साथ ही मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

