Hasanpur Crime News : हसनपुर। हसनपुर कोतवाली नगर क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने में स्थानीय लोगों की सतर्कता काम आ रही है। शुक्रवार को संभल अड्डा स्थित ‘शिवा बैटरी’ की दुकान पर गल्ले का ताला तोड़कर पैसे चुराते हुए एक चोर को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया।
दुकानदार की सतर्कता से नाकाम हुई चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, गांव भीकनपुर शुमाली निवासी पवन कुमार (पुत्र ऋषि पाल) संभल अड्डे पर ‘शिवा बैटरी’ नाम से दुकान चलाते हैं। शुक्रवार को पवन अपनी दुकान के पास ही बैठे हुए थे। इसी दौरान एक अज्ञात चोर चुपके से उनकी दुकान में घुसा और काउंटर में रखे गल्ले का ताला तोड़कर रुपए चोरी करने लगा। पवन की नजर जैसे ही उस चोर पर पड़ी, उन्होंने बिना कोई समय गंवाए फुर्ती दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पुरानी चोरी के खुलासे की जगी उम्मीद
चोर के पकड़े जाने के बाद मौके पर व्यापारियों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
कोतवाली प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान की जा रही है। उसने पहले भी किसी चोरी की घटना को अंजाम दिया है या नहीं, इस संबंध में उससे गहन पूछताछ चल रही है। गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को भी संभल अड्डा स्थित नफीस अहमद की बैटरी की दुकान से गल्ला तोड़कर 97 हजार रुपए की भारी-भरकम चोरी हुई थी। अब इस चोर के पकड़े जाने से व्यापारियों को उम्मीद जगी है कि इलाके में हुई अन्य चोरियों का भी जल्द पर्दाफाश हो सकेगा।

