समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
Amroha News-अमरोहा (हसनपुर):- कोतवाली क्षेत्र स्थित लुहारी खादर गांव में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव ट्यूबवेल की पानी की होद में मिला। मृतक की पहचान लुहारी खादर निवासी 26 वर्षीय नेत्रपाल पुत्र संतराम के रूप में हुई है, जो पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना गांव से तकरीबन एक किलोमीटर दूर नेत्रपाल के गन्ने के खेत के पास हुई। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह नेत्रपाल रोजाना की तरह अपने खेत की तरफ टहलने निकला था। खेत के पास स्थित ट्यूबवेल की पानी से भरी होद पर बैठते समय उसे अचानक दौरा पड़ गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर होद में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
हादसे का पता तब चला जब नेत्रपाल का बड़ा भाई मनोज खेत में खाद डालने पहुंचा। मनोज ने होद में भाई का शव तैरता देखा। होद में मृतक का मोबाइल फोन और छतरी भी पड़े मिले। मनोज के शोर मचाने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही हसनपुर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पुलिस ने शव को होद से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।मृतक के सबसे बड़े भाई कुंवर पाल ने बताया कि नेत्रपाल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी करीब पांच साल पहले हुई थी और उसकी पत्नी श्यामवती नौ महीने की गर्भवती है। इस आकस्मिक घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
मामले की जानकारी देते हुए कोतवाल राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पायेगा और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

