समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर। मोहल्ला लालबाग में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी की एक घटना सामने आई, जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल है। अज्ञात चोर ने ‘मास्टर बैटरी’ नाम से दुकान चलाने वाले व्यापारी नफीस की दुकान से गल्ले का ताला तोड़कर 97,000 रुपये की नकदी चोरी कर ली और मौके से रफू चक्कर हो गया।
पीड़ित व्यापारी नफीस, जो उझारी के मोहल्ला शाही चौक निवासी एवं लतीफ शाह के पुत्र हैं, नई और पुरानी बैटरियों का कारोबार करते हैं। नफीस ने बताया कि वह जुमे की नमाज अदा करने के लिए दुकान का आधा शटर बंद कर पास की मस्जिद में नमाज पढ़ने गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात चोर ने दुकान में प्रवेश कर गल्ले का ताला तोड़ा और उसमें रखी 97 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया।
हैरानी की बात यह रही कि गल्ले के पास काउंटर पर रखा मोबाइल फोन चोर ने नहीं उठाया, जबकि वह आसानी से उसकी पहुंच में था।
नमाज के बाद जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर लौटे तो गल्ले का टूटा ताला देखकर घटना की जानकारी हुई। सूचना फैलते ही स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज अंकुर मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, कोतवाली प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित व्यापारी से तहरीर प्राप्त कर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

