समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार को हसनपुर में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करना तथा शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना रहा।
रैली का शुभारंभ क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं विधायक पुत्र देवेंद्र सिंह खड्गवंशी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के सर्वांगीण विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजने को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित शिक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।रैली हसनपुर ब्लॉक परिसर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नगरपालिका कार्यालय परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान परिषदीय एवं निजी विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।बच्चों ने हाथों में शिक्षा का संदेश देती रंग-बिरंगी तख्तियां और बैनर लेकर लोगों को जागरूक किया।
रैली के दौरान “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे” तथा “दीप से दीप जलाएंगे, साक्षर देश बनाएंगे” जैसे प्रेरक नारों से पूरा नगर गूंज उठा और लोगों का ध्यान शिक्षा की ओर आकर्षित हुआ।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने अपने आसपास के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।
साथ ही शिक्षकों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने का संकल्प भी दोहराया।इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार, विनोद शर्मा, संदीप कुमार, ऋतुराज, कमल शर्मा, कुलदीप सिंह, रजनी शर्मा, नमित सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

