मक्के की फसल की रखवाली कर रहे दिव्यांग युवक ने पेड़ से फंदा लगाकर दी जान
बदायूं।मक्के की फसल की रखवाली कर रहे एक दिव्यांग युवक ने खेत के पास पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र के पाठकपुर रकबा स्थित सोत नदी के जंगल का है।सर्वा गांव के रहने वाले चंद्रपाल यादव पुत्र सुरेश कुमार का शव पेड़ से लटका मिला।चंद्रपाल अपने खेत पर लगी मक्के की फसल की रखवाली करने गया था। आज मंगलवार को खेत के आसपास मौजूद लोगों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर यूपी 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए,जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।मृतक के भाई जयवीर ने पुलिस को तहरीर दी,जिसके आधार पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।चंद्रपाल यादव दिव्यांग था और उसका विवाह नहीं हुआ था।वह टेलरिंग का कार्य कर अपना जीवनयापन करता था।परिवार के लोगों ने बताया कि वह अक्सर खेतों पर जाकर फसल की देखरेख भी करता था।पुलिस आत्महत्या के कारणों की जानकारी जुटाने में लगी है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।प्रभारी निरीक्षक कमलेश मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी|रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

