डीएम-एसएसपी ने ईद-उल-अजहा पर्व के दौरान मस्जिदों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी
बदायूँ। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।इसी क्रम में आज गुरुवार सुबह जिलाधिकारी बदायूँ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ ने शहर की प्रमुख मस्जिदों और संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नमाज़ स्थलों पर बैरिकेडिंग,यातायात व्यवस्था,पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, साफ-सफाई तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नमाज़ अदा करने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त कर ली जाएं। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्थानीय धर्मगुरुओं एवं गणमान्य लोगों से भी संवाद कर आपसी भाईचारे,शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदायूँ की गंगा-जमुनी तहजीब हमेशा से सामाजिक एकता और सद्भाव की मिसाल रही है, जिसे कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।
प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त तैयारियों के बीच जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

