अमरोहा-जिला मजिस्ट्रेट नितिन गौड़ की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव की उपस्थित में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित कराई जाने पुलिस होमगार्ड्स भर्ती 2025 परीक्षा की तैयारियों के संबंध में बैठक हुई।
जिला मजिस्ट्रेट ने सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, केन्द्र पर्यवेक्षक निर्धारित प्रक्रियानुसार परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्षता एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए लगन, सजगता, आत्मानुशासन एवं समयबद्धता से सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ नकलविहीन संपन्न करायी जाये। इसकी संवेदनशीलता, शुचिता एवं पारदर्शिता किसी भी स्तर पर भंग न हो, यदि कोई भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्रों पर महिला अभ्यर्थियों की जांच अनिवार्य रूप से महिला कार्मिकों द्वारा की जाए। उन्होने सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर उपस्थित सभी कार्मिक अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र जरूर प्रदर्शित करें।
सीएमओ को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम उपलब्ध रहे।
नितिन गौड़ ने कहा कि समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली जाए। जनपद में काफी संख्या में अभ्यर्थियों का मूवमेंट होगा। किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसलिये अधिकारी सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर लें। होमगार्ड भर्ती परीक्षा जनपद में 10 परीक्षा केंद्रों पर संपादित होगी। प्रत्येक पाली में 4704 अभ्यर्थी शामिल होंगे इस प्रकार कुल 28224 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रथम पाली पूर्वान्ह 10ः00 से 12ः00 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपरान्ह 03ः00 से 05ः00 बजे तक प्रतिदिन दो पालियों में होगी। उन्होने निर्देश दिए कि सभी मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारी के साथ निरीक्षण कर परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की जांच कर लें अगर कहीं कोई कमी पाई जाती है तो उसको कल तक दुरुस्त कर लें।
परीक्षा के लिए निर्धारित केन्द्र
राजकीय बालिका इण्टर कालेज, कुन्दन मॉडल इण्टर कालेज, राजकीय इण्टर कालेज, ऐ०के०के० इण्टर कालेज, आई०एम० इण्टर कालेज, जे०एस० हिन्दू इण्टर कालेज, जे०एस०हिन्दू पी०जी०कालेज ब्लॉक-ए, जे०एस०हिन्दू पी०जी०कालेज ब्लॉक-बी, भगवत सरन, इण्टर कॉलेज जोया और सिख इण्टर कालेज नांरगपुर अमरोहा को केंद्र बनाया गया है।
नकल विहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा आयोजित कराने के संबंध में उन्होंने कहा कि परीक्षा के संबंध में भर्ती बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये। परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं बेहतर प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये।
कक्ष निरीक्षकों की अच्छी तरह से ब्रीफिंग और ट्रेनिंग करा दी जाये। परीक्षा के दौरान सभी अधिकारी भ्रमणशील रहें। कोषागार से परीक्षा केन्द्रों तक प्रश्न पत्र को गाडी में पुलिस अभिरक्षा सहित प्रोटोकाल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए ले जाया जाए। परीक्षा केन्द्र के अंदर मोबाइल, यूएसबी ड्राइव, कैमरा, वाच, चाबियां, ब्लूटूथ, डिजिटल पैन, हैल्थ बैण्ड आदि इलैक्ट्रानिक गैजेट्स पूर्ण प्रतिबंध होंगे। केवल पेन, प्रवेश पत्र एवं आईडी कार्ड के साथ ही अभ्यर्थी परीक्षा केन्द्र के अंदर प्रवेश कर सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने बताया कि समस्त परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगा दी गई है। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की गई है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक सभी को अपनी ड्यूटी बहुत ही अच्छे से करनी है। उक्त परीक्षा के संबंध में जो पुस्तिका है उसको ठीक से पढ़ ले ताकि किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने आने वाले अभ्यर्थियों के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट गरिमा सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, सैक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

