Amroha News-अमरोहा | 21 फरवरी 2026 (सू.वि.) जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए कल यानी 22 फरवरी (रविवार) को ‘विशेष अभियान दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती गरिमा सिंह ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में यह अभियान जनपद के सभी मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) पर चलाया जाएगा।
बूथों पर मिलेंगी सभी सुविधाएं
विशेष अभियान के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। बीएलओ के पास आलेख्य मतदाता सूची के साथ-साथ अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृतक और डुप्लीकेट (ASDG) मतदाताओं की सूची भी उपलब्ध रहेगी।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
जिला प्रशासन ने अपील की है कि जो नागरिक 01 जनवरी 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वे इस अवसर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। प्रथम बार पंजीकरण के लिए फार्म-6 (घोषणा पत्र सहित) भरना होगा।
किस कार्य के लिए कौन सा फॉर्म भरें?
मतदाता अपनी आवश्यकतानुसार निम्नलिखित फॉर्म बूथ पर जमा कर सकते हैं:
फार्म-6: नए मतदाताओं के पंजीकरण हेतु।
फार्म-6ए: प्रवासी भारतीय नागरिकों के नाम शामिल करने हेतु।
फार्म-7: मतदाता सूची से नाम कटवाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने हेतु।
फार्म-8: पता बदलने, अशुद्धि सुधारने, फोटो पहचान पत्र बदलने या दिव्यांग श्रेणी के चिन्हांकन हेतु।
कहाँ जमा करें आवेदन?
बूथों के अलावा नागरिक अपने भरे हुए फॉर्म निम्नलिखित स्थानों पर भी जमा कर सकते हैं:
तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केन्द्र (VRC) पर।
तहसीलदार या उप जिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में।
डिजिटल माध्यम से भी जुड़ सकते हैं नाम
श्रीमती गरिमा सिंह ने बताया कि जो नागरिक बूथ पर नहीं जा सकते, वे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in या मोबाइल ऐप ECINET App के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 06 मार्च 2026 निर्धारित है।
प्रशासन रखेगा पैनी नजर
विशेष अभियान दिवस के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। प्रशासन ने सभी राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLAs) से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

